अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को शिमला पहुंचीं। चडीगढ़ से सड़क मार्ग होते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला सुबह 11 बजे के करीब छराबड़ा पहुंचा।
15 दिनों के भीतर सोनिया गांधी दूसरी बार शिमला पहुंचीं हैं और पर्यटन स्थल छराबड़ा स्थित अपनी बेटी प्रियंका वाड्रा के घर ठहरी हुई हैं। कुछ दिनों तक उनका यहां पर रुकने का कार्यक्रम है। इन दिनों प्रियंका वाड्रा भी शिमला में ही हैं। वह कुछ दिनों पूर्व ही शिमला पहुंचीं थीं और मंडी रैली के लिए भी यहां से ही रवाना हुईं थीं।
गौर हो कि प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची मेंं सोनिया गांधी का नाम भी शामिल है, ऐसे में आने वाले दिनों में उनकी चुनावी जनसभा भी हो सकती है।
इससे पहले सोनिया गांधी 10 अक्तूबर को शिमला आईं थी। 6 दिनों तक छुट्टियां मनाने के बाद सोनिया गांधी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बीते 16 अक्तूबर को वापस दिल्ली लौटीं थी। सोनिया गांधी का यह निजी दौरा बताया जा रहा है। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस ने कुफरी व छराबड़ा के आसपास सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है।
प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी प्रचार का पूरा जिम्मा प्रियंका वाड्रा के कंधों पर है। पार्टी ने सभी संसदीय क्षेत्रों में उनकी रैली करवाने का निर्णय लिया है। इसके तहत शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्र में रैली हो चुकी है जबकि अब हमीरपुर और कांगड़ा में रैली होनी है। इसके तहत 4 को कांगड़ा और 7 नवम्बर को हमीरपुर में जनसभा प्रस्तावित है। इसी तरह शिमला के चौपाल विधानसभा में भी प्रियंका वाड्रा की 10 नवम्बर को रैली को सकती है।


