मंगलवार को पहले दिन कंपनी ने नीली बोरियों में 70 ट्रकों में सरकारी सीमेंट भेजा। बड़े ट्रकों में 420-420 जबकि छोटे ट्रकों में 250-250 बोरियां लादीं गईं। इस सीमेंट को प्रदेश भर में सरकार के 118 गोदामों में पहुंचाया जाएगा।
ट्रक ऑपरेटरों और अदाणी समूह में विवाद के बीच अल्ट्राटेक कंपनी ने सरकार के खाली गोदामों में सीमेंट की सप्लाई पहुंचाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पहले दिन कंपनी ने नीली बोरियों में 70 ट्रकों में सरकारी सीमेंट भेजा। बड़े ट्रकों में 420-420 जबकि छोटे ट्रकों में 250-250 बोरियां लादीं गईं। इस सीमेंट को प्रदेश भर में सरकार के 118 गोदामों में पहुंचाया जाएगा। अल्ट्राटेक प्लांट से गोदामों के लिए अब प्रतिदिन सप्लाई भेजी जाएगी। राजधानी शिमला में मंगलवार को सात ट्रक सीमेंट लेकर पहुंचे। अब बुधवार से रुके हुए प्रोजेक्टों का काम फिर से शुरू हो सकेगा। खाद्य आपूर्ति निगम पहले बड़े प्रोजेक्टों और फिर छोटे विकास कार्यों के लिए सीमेंट उपलब्ध कराएगा।
खाद्य आपूर्ति निगम के अनुसार प्रतिदिन गोदामों में चार से पांच ट्रक सीमेंट की सप्लाई लेकर पहुंचेंगे। निगम के प्रबंध निदेशक केसी चमन ने बताया कि गोदामों में अल्ट्राटेक सीमेंट की सप्लाई पहुंच गई है। अब विकास कार्यों में कोई रुकावट नहीं आएगी। उल्लेखनीय है कि पहले हिमाचल के सरकारी कार्यों के लिए अंबुजा और एसीसी सीमेंट की सप्लाई होती थी। अदाणी कंपनी और ट्रक ऑपरेटरों के बीच भाड़े को लेकर उपजे विवाद से सीमेंट की सप्लाई बंद हो गई थी।
लोक निर्माण विभाग के 150 छोटे-बड़े प्रोजेक्टों का चल रहा काम
प्रदेश में इस समय लोक निर्माण विभाग के 150 छोटे-बड़े प्रोजेक्टों का काम चल रहा है। इनमें मिनी सचिवालय, पुल, सड़कें, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई, अस्पताल आदि कार्य शामिल हैं। खाद्य आपूर्ति निगम नोडल एजेंसी है। यह लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग को सीमेंट उपलब्ध कराती है। विभाग पहले निगम में पैसा जमा कराते हैं, उसके बाद निगम सरकारी विकास कार्यों के लिए सीमेंट सप्लाई करता है।
अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी ने पहले लॉट में प्रदेश में की सप्लाई
प्रदेश सरकार से अनुबंध होने के बाद अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी ने पहले लॉट में प्रदेश भर में 1,200 मीट्रिक टन सरकारी सीमेंट की सप्लाई मंगलवार सुबह तक दी है। एसीसी बरमाणा और अंबुजा दाड़लाघाट में सीमेंट प्लांट बंद होने के बाद प्रदेश सरकार ने अल्ट्राटेक को 6,000 मीट्रिक टन (1.20 लाख बोरियां) सीमेंट का ऑर्डर दिया है ताकि सरकारी काम न रुकें। जिला ऊना, चंबा और बिलासपुर (झंडूता उपमंडल को छोड़कर) में सरकारी निर्माण कार्यों के लिए पहले से ही अल्ट्राटेक सीमेंट की सप्लाई होती है। लेकिन प्रदेश में जहां भी सरकारी कार्यों के लिए एसीसी और अंबुजा सीमेंट की सप्लाई होती थी, अब से वहां पर अल्ट्राटेक सीमेंट की सप्लाई होगी। सिविल सप्लाई कारपोरेशन के अकाउंटेंट नरेश कुमार ने बताया कि एसीसी और अंबुजा प्लांट के बंद होने के बाद पूरे प्रदेश में अल्ट्राटेक सीमेंट की सप्लाई की जा रही है।


